पिथौरागढ़।

जनपद पिथौरागढ़ में आदि कैलाश एवं ओम पर्वत यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं और पर्यटकों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। यात्रा सीजन के दौरान देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु जनपद पहुंच रहे हैं।

दिनांक 31 मई 2026 तक जारी इनर लाइन परमिटों की कुल संख्या 27,911 पहुंच गई है। उल्लेखनीय है कि आदि कैलाश-ओम पर्वत दर्शन यात्रा का शुभारंभ 01 मई 2026 को जोलीकोंग स्थित पार्वती कुंड के निकट शिव मंदिर के कपाट खुलने के साथ हुआ था।

मात्र एक माह के भीतर 27,911 परमिट जारी होना यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था एवं आकर्षण को दर्शाता है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 में कुल 29,352 तथा वर्ष 2025 में कुल 36,526 इनर लाइन परमिट जारी किए गए थे। ऐसे में चालू वर्ष के पहले ही माह में प्राप्त आंकड़े यात्रा के प्रति बढ़ती लोकप्रियता के संकेत दे रहे हैं।

जिला प्रशासन ने यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता सुनिश्चित करें, मौसम संबंधी जानकारी प्राप्त करें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अपनी यात्रा संपन्न करें।

आदि कैलाश एवं ओम पर्वत यात्रा क्षेत्रीय पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था तथा रोजगार सृजन को नई गति प्रदान कर रही है, जिससे सीमांत क्षेत्र के विकास को भी बल मिल रहा है।