पिथौरागढ़,

सातशीलिंग-थल मोटर मार्ग की खराब स्थिति एवं निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग को कार्य में तत्काल तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि सातशीलिंग-थल मोटर मार्ग क्षेत्र की जनता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। मार्ग की खराब स्थिति के कारण स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों तथा वाहन चालकों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मार्ग पर चल रहे निर्माण एवं सुधार कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित किया जाए। कार्यस्थल पर पर्याप्त मशीनरी, श्रमिकों एवं तकनीकी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए कार्यों में अपेक्षित गति लाई जाए, ताकि आम जनता को शीघ्र राहत मिल सके।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मार्ग पर आवश्यक चेतावनी एवं सूचना बोर्ड लगाए जाएं तथा सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की दैनिक आधार पर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आगामी वर्षाकाल को देखते हुए मार्ग को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए, ताकि मानसून के दौरान आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने उपजिलाधिकारी डीडीहाट खुशबू पांडे को भी निर्देशित किया कि वे संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण एवं नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कार्यों की प्रगति की समीक्षा करें तथा आवश्यकतानुसार रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

जिलाधिकारी ने सख़्त निर्देश देते हुए कहा कि यदि कार्य में अनावश्यक विलंब, शिथिलता अथवा लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियो के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इसमें किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जनहित से जुड़े कार्यों में ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों एवं एजेंसियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता डी एस हयाँकी(ऑनलाइन), अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, लोग निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जीवन सिंह हयाँकी, उप जिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा सहित विभाग के अन्य अधिकारियों ने प्रतिभा किया।