पिथौरागढ़,।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 44-पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-58 (जिला पूर्ति कार्यालय, पिथौरागढ़) में आयोजित किए जाने वाले विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) कार्यक्रम के संबंध में नगर निगम पिथौरागढ़ सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) एवं सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी ने की।
बैठक में संबंधित वार्डों के पार्षदों, बूथ लेवल एजेंटों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) द्वारा पॉवर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई।
बताया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 08 जून 2026 से 07 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर प्रपत्र वितरित किए जाएंगे तथा भरे हुए प्रपत्र पुनः प्राप्त किए जाएंगे। साथ ही 01 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने हेतु पृथक रूप से फॉर्म-06 उपलब्ध कराया जाएगा।
बैठक में अवगत कराया गया कि एसआईआर प्रपत्र जमा करते समय मतदाता की रंगीन पासपोर्ट आकार की फोटो संलग्न करना अनिवार्य होगा। साथ ही प्रपत्र में सभी आवश्यक जानकारियां सही एवं पूर्ण रूप से भरना आवश्यक है, जिससे विवरणों को ऑनलाइन दर्ज किया जा सके।
बैठक में बताया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। इसके लिए उपस्थित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों से व्यापक जनजागरूकता एवं प्रचार-प्रसार में सहयोग का अनुरोध किया गया।
बैठक में उपस्थित सभी पार्षदों, बूथ लेवल एजेंटों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अभियान को सफल बनाने तथा मतदाताओं को जागरूक करने में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
अंत में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करने की अपील की।
