चमोली। बुधवार को पुलिस चौकी गौचर के माध्यम से SDRF टीम को सूचना प्राप्त हुई कि गलनाव नामक स्थान पर एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क से नीचे चली गई है। सूचना प्राप्त होते ही SDRF टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान प्रारंभ किया।

घटनास्थल पर पहुंचने पर ज्ञात हुआ कि बाइक पर दो युवक सवार थे, जो दुर्घटना में घायल हो गए थे। दुर्घटना में एक युवक को अपेक्षाकृत अधिक चोटें आई थीं, जबकि दूसरा युवक सामान्य रूप से घायल था। दुर्घटनास्थल सड़क से नीचे होने के कारण रेस्क्यू कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ था।

अपर उप निरीक्षक शेखर चंद्र जोशी के नेतृत्व में SDRF टीम द्वारा तत्काल नीचे उतरकर दोनों घायलों तक पहुंच बनाई तथा सावधानीपूर्वक उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर मुख्य मार्ग तक लाया गया। इसके उपरांत टीम द्वारा घायलों को प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया तथा आगे के उपचार हेतु एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया गया।

घायलों की पहचान लइक अहमद (26 वर्ष), निवासी नद्दा फन मोहल्ला, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) तथा इब्राहिम मंसूरी (28 वर्ष) पुत्र श्री मुन्नी अहमद निवासी के रूप में हुई। SDRF की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई से दोनों घायलों को समय रहते उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया जा सका।