पिथौरागढ़।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) कार्यक्रम के सफल संचालन एवं शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं के पंजीकरण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में जिला कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंच सुनिश्चित की जाए तथा कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र (Enumeration Form) वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीएलओ द्वारा किए जा रहे इस कार्य की नियमित निगरानी की जाए तथा समयबद्ध रूप से सभी प्रपत्रों का वितरण एवं संकलन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। स्थानीय निकायों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों तथा विभिन्न विभागों के सहयोग से अधिकाधिक लोगों को अभियान की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि पात्र नागरिक समय पर अपने नाम दर्ज करा सकें तथा आवश्यक संशोधन भी करा सकें।
बैठक में विशेष रूप से नए मतदाताओं, महिलाओं, दिव्यांगजनों तथा दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करने वाले नागरिकों तक पहुंच बनाने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन से संबंधित सभी आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन करते हुए पुनरीक्षण कार्यक्रम को पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से संपादित किया जाए। साथ ही, किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति, बीएलओ की कार्ययोजना, प्रपत्र वितरण की स्थिति तथा जनजागरूकता गतिविधियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी प्रस्तुत की।
बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, तहसीलदार विजय गोस्वामी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी, सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
