पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक जनसुनवाई दिवस का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में जनपद के विभिन्न विकासखंडों एवं दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। इस दौरान सड़क, पेयजल, विद्युत, राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, नगर निकाय, भूमि विवाद, अतिक्रमण, पेंशन, आपदा क्षति, प्रधानमंत्री आवास, राशन कार्ड, वन भूमि, आर्थिक सहायता, एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें एवं मांगपत्र प्राप्त हुए।

जिलाधिकारी ने एक-एक शिकायतकर्ता की समस्या को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्यवाही करते हुए निर्धारित समयावधि में शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित न्याय एवं राहत उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित रखना अथवा समाधान में शिथिलता बरतना स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन शिकायतों का समाधान मौके पर संभव है, उनका तत्काल निस्तारण किया जाए तथा जिन मामलों में संयुक्त निरीक्षण अथवा अन्य विभागों के समन्वय की आवश्यकता हो, उनमें शीघ्र कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता को समय-समय पर प्रगति से अवगत कराया जाए। सभी अधिकारी जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें तथा शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई केवल शिकायत दर्ज करने का माध्यम नहीं, बल्कि आमजन और प्रशासन के बीच विश्वास का सशक्त मंच है। प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ करें तथा यह सुनिश्चित करें कि पात्र व्यक्तियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो।

उन्होंने राजस्व, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, विद्युत, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायतीराज, ग्रामीण विकास, खाद्य एवं पूर्ति तथा अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागीय शिकायतों के निस्तारण में समन्वय स्थापित करते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करें। साथ ही जिन प्रकरणों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक हो, वहां संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर वस्तुस्थिति का परीक्षण करें तथा यथाशीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने कहा कि आज आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में कुल 48 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करते हुए शिकायतकर्ताओं को भी की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा सभी प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है तथा प्रत्येक विभाग को समयबद्ध कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि प्राप्त अधिकांश शिकायतें पेयजल, सड़क एवं आर्थिक सहायता से संबंधित थीं, जिनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

जनसुनवाई के दौरान अनेक शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक सोमवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है तथा सभी विभाग इस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पूर्ण गंभीरता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करें।

जनसुनवाई में अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, उपजिलाधिकारी जितेन्द्र वर्मा,सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।