हरेला पर्व के अवसर पर गुरुवार को जनपद मुख्यालय स्थित चंडाक के वरदानी पार्क में “हर गांव का यही पैगाम, एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखण्ड सरकार की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री तथा जनपद प्रभारी मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और मानव सभ्यता को जोड़ने वाला सांस्कृतिक उत्सव है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार हरेला को राजकीय पर्व के रूप में मनाते हुए इसे जनआंदोलन का स्वरूप दे रही है। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का उद्देश्य केवल पौधारोपण करना नहीं, बल्कि जिस प्रकार एक मां और उसके बच्चे का जीवनभर का संबंध होता है, उसी प्रकार पौधा लगाने वाले व्यक्ति का उस पौधे से भावनात्मक जुड़ाव भी बना रहे तथा उसका संरक्षण सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण राज्य है और हरेला पर्व सभी को विकास एवं प्रकृति के बीच संतुलन बनाए रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने बताया कि हरेला उत्सव के अंतर्गत जनपद को 1.25 लाख पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसे समय से पूर्व पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि दिन समाप्त होने तक जनपद में लगभग 1.75 लाख से अधिक पौधों का रोपण किया जाए। उन्होंने बताया कि इसके लिए सभी विभागों, विद्यालयों, ग्राम पंचायतों तथा 130 इन्फैंट्री बटालियन टीए इकोलॉजिकल कुमाऊं सहित विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से सुनियोजित अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि यह केवल पौधे लगाने का अभियान नहीं बल्कि जनसहभागिता का उत्सव है, जिसमें आमजन ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की है। जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का दायित्व निभाने तथा ट्री-गार्ड सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की अपील की।
प्रभागीय वनाधिकारी आशुतोष सिंह ने प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनपद को प्राप्त 1.25 लाख पौधारोपण का लक्ष्य सभी विभागों के समन्वय एवं जनसहभागिता से सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान से पूर्व सभी विभागों के साथ बैठकें आयोजित कर पौधों का वितरण किया गया तथा ग्राम पंचायतों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के सहयोग से पूरे जनपद में व्यापक स्तर पर पौधारोपण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 130 इन्फैंट्री बटालियन टीए इकोलॉजिकल कुमाऊं द्वारा भी इस अभियान में लगभग 70 हजार पौधों का रोपण किया गया है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है तथा सभी नागरिकों को वर्षाकाल में अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, राज्य मंत्री (दर्जा प्राप्त) गणेश जोशी, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, मेयर कल्पना देवलाल, भाजपा प्रदेश मंत्री दीपिका बोहरा, जिला महामंत्री इंदर लुंठी, भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष दीपक लोहिया, जिलाधिकारी आशीष भटगांई, प्रभागीय वनाधिकारी आशुतोष सिंह, 130 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) के कर्नल गौरव नेगी, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सैन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
