गंगोलीहाट।महाकाली रोड से एक विशाल छात्र रैली का आरंभ हुआ, जो छात्र चौराहा होते हुए रेस्ट हाउस पहुँची और पुनः चौराहे पर एकत्रित होकर एक जनसभा में परिवर्तित हो गई। रैली के दौरान आक्रोशित छात्रों ने “इंकलाब ज़िंदाबाद”, “स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारो” और “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” जैसे गगनभेदी नारे लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
आयोजकों के अनुसार, इस रैली का मुख्य उद्देश्य शिक्षाविद् सोनम वांगचुक द्वारा उठाए जा रहे स्वास्थ्य एवं जनहित के मुद्दों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करना, शिक्षा प्रणाली में जवाबदेही सुनिश्चित करना और प्रतियोगी परीक्षाओं में पूर्ण पारदर्शिता की मांग करना था।
चौराहे पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए छात्रों ने कहा कि नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे विवादों और पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं के भविष्य को अधर में लटका दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निष्पक्षता के अभाव में सबसे अधिक नुकसान दिन-रात मेहनत करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का होता है। छात्रों ने सरकार से पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह परीक्षा प्रणाली लागू करने की मांग की।
इसी क्रम में जीआईसी की छात्रा अंजली ने व्यावसायिक शिक्षा का मुद्दा उठाते हुए बताया कि पिछले तीन महीनों से व्यावसायिक विषयों की पढ़ाई पूरी तरह बाधित है। इससे रोजगारपरक शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग से इस समस्या का शीघ्र समाधान करने की अपील की।
रैली में जीआईसी से लक्षिता, अंजली, हर्षिता, कविता, स्नेहा, नमन, शिवांग, संदीप और अमित सहित दर्जनों छात्र उपस्थित रहे। वहीं जे बी एस जी स्कूल से गरिमा, शुभम, उत्कर्ष, आयुष समेत अनेक विद्यार्थियों ने बढ़कर हिस्सा लिया।
