पिथौरागढ़

रूस में रोजगार के लिए गए जनपद पिथौरागढ़ निवासी श्री भूपेन्द्र सिंह कार्की एवं श्री आनंद सिंह कार्की, निवासी ग्राम चिमस्यिानौला, पिथौरागढ़, के बंधक बनाए जाने संबंधी सूचना का पिथौरागढ़ पुलिस द्वारा गंभीरता से संज्ञान लेते हुए विस्तृत जांच की गई।

जांच में पाया गया कि दोनों युवक 05 मई 2026 को तीन वर्षीय वर्क परमिट पर फ्लाई हाई ट्रैवल एजेंसी, सितारगंज के माध्यम से रोजगार हेतु रूस गए थे। मामले की जांच के दौरान फ्लाई हाई ट्रैवल एजेंसी के संचालक रोहित (निवासी सितारगंज) तथा सहयोगी एजेंसी आर.आर. प्राइवेट लिमिटेड, मुनिरका (दिल्ली) के संचालक रामअवतार सैनी से पूछताछ की गई।

साथ ही श्री आनंद सिंह कार्की से वीडियो कॉल के माध्यम से संपर्क स्थापित किया गया। उन्होंने बताया कि वह और उनके भाई मास्को (रूस) स्थित बिजनेस एक्सप्रेस कोरियर हाउस के वेयरहाउस में बारकोड स्कैनिंग का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उनका पासपोर्ट उनके स्वयं के पास सुरक्षित है, वे अपने परिजनों से नियमित रूप से संपर्क में हैं तथा वे किसी भी प्रकार से बंधक नहीं हैं। आवश्यकता पड़ने पर वे स्वतंत्र रूप से भारत वापस लौट सकते हैं।

दोनों युवकों तथा संबंधित कंपनी द्वारा कम वेतन मिलने के संबंध में आपसी मतभेद होना पाया गया।

पिथौरागढ़ पुलिस की जांच में स्पष्ट हुआ है कि दोनों युवक रूस में सुरक्षित हैं, बंधक नहीं हैं, बल्कि वहां वैध रूप से नौकरी कर रहे हैं।