पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना के अन्तर्गत 03 दिवसीय जनपद स्तरीय चयन ट्रायल आज दिनॉंक 27 जुलाई, 2026 से सुरेन्द्र सिंह वल्दिया स्पोर्ट्स स्टेडियम, पिथौरागढ़ में प्रारम्भ हो गये। योजना के तहत आज पहले दिन 08-09 वर्ष एवं 09-10 वर्ष के बालक-बालिका खिलाड़ियों के चयन ट्रायल लिये गये, जिसमें जनपद पिथौरागढ़ के सभी 08 विकास खण्डों, 04 नगरपालिकाओं एवं 01 नगर निगम से चयनित कुल 108 बालक एवं 105 बालिका इस प्रकार कुल 213 खिलाड़ियों ने छात्रवृत्ति पाने हेतु अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
यह चयन प्रक्रिया खेल विभाग, पिथौरागढ़ द्वारा जिला प्रशासन, पिथौरागढ़ के दिशा-निर्देशन में शिक्षा विभाग, युवा कल्याण विभाग, चिकित्सा विभाग, पुलिस विभाग, उत्तराखण्ड जल संस्थान, नगर निकाय आदि विभागों के सहयोग से आयोजित की जा रही है।
जिला क्रीड़ा अधिकारी, पिथौरागढ़ श्री अनूप बिष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि चयन समिति द्वारा विभिन्न परीक्षण केन्द्रों का निरीक्षण किया तथा प्रतिभागी बालक-बालिकाओं को सरकार द्वारा खेलों के उत्थान हेतु चलायी जा रही छात्रवृत्ति योजना के सम्बन्ध में जानकारी दी गयी।
चयन प्रक्रिया के अन्तर्गत प्रतियोगी परीक्षा 6×10 शटल रन, 30 मी0 फ्लाइंग स्टार्ट फारवर्ड बैण्ड रीच, मेडिसन बॉल पुट(01 किग्रा.), 600 मी0 दौड़ एवं स्टैंण्डिग ब्राड जम्प में ली गयी तथा पारदर्शिता हेतु प्रत्येक प्रतियोगी परीक्षा की वीडियोग्राफी करायी जा रही है। जिला प्रशासन, पिथौरागढ़ के निर्देशानुसार ट्रायल में प्रतिभाग करने वाले प्रत्येक बालक-बालिका खिलाड़ियों एवं चयन समिति के सदस्यों तथा स्पोर्टिग स्टॉप हेतु दोपहर में भोजन व्यवस्था खेल विभाग द्वारा उपलब्ध करायी जा रही है। कार्यक्रम का संचालन करन थापा द्वारा किया गया।
चयन ट्रायल चयन समिति के अध्यक्ष/नोडल श्री योगेन्द्र सिंह, अपर जिलाधिकारी पिथौरागढ एवं सहायक नोडल तरूण पन्त, मुख्य शिक्षाधिकारी, पिथौरागढ़ की देखरेख में अनूप बिष्ट जिला क्रीड़ा अधिकारी, डॉ0 जगदीश सिंह नेगी की देखरेख में सम्पन्न कराये गये, जिसमें शिक्षा विभाग के जिला खेल समन्वयक, ब्लॉक खेल समन्वयक, सहायक व्यायाम अध्यापकों एवं खेल विभाग के प्रशिक्षकों द्वारा सहयोग दिया गया।
आज सम्पन्न हुए जिला स्तरीय चयन ट्रायल्स में श्रेष्ठ प्रदर्शन एवं वरीयता के आधार पर 08 से 09 वर्ष में 25 बालक व 25 बालिका एवं 09 से 10 वर्ष में 25 बालक व 25 बालिका इस प्रकार कुल 100 खिलाड़ियों का चयन छात्रवृत्ति हेतु किया गया। चयनित प्रत्येक खिलाड़ी को रू0 1500/-की मासिक छात्रवृत्ति प्रदान की जायेगी। कल दूसरे दिन मंगलवार को 10-11 वर्ष एवं 11-12 वर्ष की आयु सीमा में बालक-बालिकाओं के चयन ट्रायल लिये जायेगें।
