जनपद में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पोषण माह के दौरान संचालित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ0 निर्मल बसेड़ा ने बताया कि 9वां राष्ट्रीय पोषण माह 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक जनपद में मनाया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण माह के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम एवं गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि पोषण माह का मुख्य उद्देश्य आमजन को पोषणयुक्त एवं संतुलित आहार के महत्व, स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक करना है। इसके साथ ही बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा किशोरियों के पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी देखभाल को लेकर भी व्यापक जनजागरूकता की जाएगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोषण माह के दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों को प्रभावी एवं जनभागीदारीपूर्ण बनाया जाए। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पोषणयुक्त खाद्य पदार्थों एवं संतुलित आहार के संबंध में लोगों को जानकारी दी जाए, ताकि कुपोषण की रोकथाम के साथ ही स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिल सके।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ जे एस चुफाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला सूचना अधिकारी पिथौरागढ़ ।
