पिथौरागढ़। मूनाकोट विकासखंड स्तरीय सामान्य ज्ञान क्विज प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज पत्थरखानी ने पहला स्थान हासिल किया। राजकीय इंटर कॉलेज टोटानौला की टीम दूसरे और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिमलकोट की टीम तीसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता में विकासखंड के 10 विद्यालयों के 30 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।

शुक्रवार को भड़कटिया स्थित बीआरसी सभागार में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी विक्रम सिंह पाल, विशिष्ट अतिथि उमेद सिंह बसेड़ा, राजकीय शिक्षक संघ के ब्लॉक मंत्री प्रेम प्रकाश खर्कवाल और ब्लॉक विज्ञान समन्वयक भीम सिंह कार्की ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

प्रतियोगिता के पहले चरण में स्क्रीनिंग परीक्षा हुई, जिसमें आठ विद्यालयों की टीमों ने मुख्य मुकाबले के लिए जगह बनाई। इसके बाद बहुविकल्पीय प्रश्नोत्तरी और रैपिड फायर राउंड में प्रतिभागियों ने अपनी सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता और त्वरित निर्णय लेने की योग्यता का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल करने वाली टीमें 24 अक्टूबर को होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता में मूनाकोट विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिए गए।

खंड शिक्षा अधिकारी विक्रम सिंह पाल ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों का सामान्य ज्ञान बढ़ने के साथ आत्मविश्वास और तार्किक क्षमता का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को आगे भी ऐसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रकाश खर्कवाल, गीता उपाध्याय, दीपक राज जोशी, योगेश सिंह बिष्ट, पुष्कर खोलिया और मंजू चन्याल शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र सिंह खाती ने किया। प्रतियोगिता के समन्वयक अजय सिंह गोबाड़ी समेत संबंधित शिक्षक और आयोजक मौजूद रहे।