जनपद पिथौरागढ़



 
मुनस्यारी पुलिस ने भोजन, वस्त्र एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराकर अस्पताल में कराया भर्ती
 
परिजनों के सम्बन्ध में जानकारी जुटाई जा रही है
 
दिनांक 08 अक्टूबर 2026 को मुनस्यारी-मिलम रोड स्थित बोग्यार क्षेत्र में ITBP के जवानों को एक व्यक्ति भटकता हुआ मिला, जो अपना नाम-पता स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहा था। ITBP द्वारा उक्त व्यक्ति को कोतवाली मुनस्यारी पुलिस के सुपुर्द किया गया।
पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ के दिशा-निर्देशों के क्रम में थानाध्यक्ष मुनस्यारी श्री योगेश कुमार द्वारा उक्त व्यक्ति की काउंसलिंग की गई तथा उसे भोजन, कपड़े एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। व्यक्ति की मानसिक स्थिति कमजोर प्रतीत होने पर उसे मनोचिकित्सक को दिखाया गया। जिला चिकित्सालय से मुख्य चिकित्सा अधीक्षक द्वारा बेहतर उपचार हेतु उसे सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया गया।
इसके पश्चात मुनस्यारी पुलिस टीम द्वारा उक्त व्यक्ति को सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार किया जा रहा है।
उक्त व्यक्ति अपना नाम दामोर प्रकाश, उम्र लगभग 20 वर्ष तथा पिता का नाम हरसन बता रहा है, लेकिन वह अपने निवास स्थान की सही जानकारी नहीं दे पा रहा है। पुलिस द्वारा उक्त व्यक्ति के परिजनों एवं उसके बताये अनुसार गुजरात पुलिस को तथा ऑल इण्डिया पुलिस ग्रुप, सोशल मीडिया आदि के माध्यम से निवास स्थान सहित अन्य आवश्यक जानकारियां जुटाई जा रही हैं,  ताकि उसके परिजनों से संपर्क स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
पिथौरागढ़ पुलिस — सेवा, सुरक्षा और संवेदनशीलता के साथ सदैव तत्पर।