पिथौरागढ़,।
धावकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं, मैराथन मार्ग और आपातकालीन सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश।
आदि कैलाश क्षेत्र में 24 से 26 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाली आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन 2.0 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में आयोजन की तैयारियों, धावकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं, मैराथन मार्ग की स्थिति, आवागमन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आयोजन के दौरान धावकों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने मैराथन मार्ग पर पर्याप्त संख्या में डॉक्टरों एवं एंबुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने, आवश्यकतानुसार चिकित्सा सहायता केंद्र स्थापित करने तथा स्नैक्स एवं हाइड्रेशन प्वाइंट की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मार्ग में इन सभी व्यवस्थाओं की स्पष्ट मार्किंग की जाए, ताकि धावकों को आवश्यक सुविधाओं की जानकारी आसानी से मिल सके।
मैराथन मार्ग की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मार्ग को सुरक्षित एवं सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मार्ग में मलबे, पत्थरों अथवा अन्य अवरोधों को समय से हटाया जाए तथा धावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही, आयोजन स्थल पर ठहरने, टेंट, बैठने, शौचालय, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ दीपक सैनी सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।