पिथौरागढ़ जिले के सातशिलिंग के निकटवर्ती जीबी गांव में तेंदुआ आंगन में खेल रहे बच्चे को उठाकर ले गया। ग्रामीणों के शोर मचाकर पीछा करने पर तेंदुआ बच्चे को छोड़कर भाग गया। बच्चे का उपचार चल रहा है। वन विभाग ने गश्त शुरू कर दी है। तेंदुए के हमले की घटना के बाद लोग डरे हुए हैं। मूल रूप से नेपाल के बैतड़ी जिले का मान सिंह मजदूरी करता है। उसका परिवार जीबी गांव में रहता है।  मंगलवार देर शाम उसका बेटा प्रकाश सिंह 10 साल आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान अचानक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। तेंदुआ जब बच्चे को जबड़ों में दबाकर जंगल की ओर जाने लगा तो परिजन व आसपास के लोगों ने उसका पीछा किया। इससे तेंदुआ उसे छोड़कर भाग गया। घायल प्रकाश का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। वन विभाग की एक टीम ने अस्पताल पहुंचकर बच्चे का हाल जाना। घटना के बाद वन विभाग की टीम ने जीबी गांव पहुंचकर गश्त की। इस दौरान लोगों से सतर्क रहने और शाम के समय बच्चों को घर से बाहर अकेले न भेजने की अपील की गई।