जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क, दुर्घटना संभावित स्थलों पर त्वरित सुधार के जिलाधिकारी ने दिए निर्देश
पिथौरागढ़, ।
जनपद पिथौरागढ़ में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने एवं सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जनपद में सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों, जागरूकता अभियानों तथा सड़क सुधार कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था में सुधार तथा सड़क सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करना रहा। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, परिवहन विभाग, पुलिस विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सड़क मार्गों से जुड़े सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां त्वरित सुधारात्मक एवं सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विभागों के बीच प्रभावी आपसी समन्वय अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) शिवांश काण्डपाल ने बताया कि सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन, विद्यार्थियों एवं वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए परिवहन विभाग द्वारा फरवरी 2026 माह के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत जनपद के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें छात्रों को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग तथा सुरक्षित वाहन संचालन के बारे में जानकारी दी गई।
परिवहन विभाग द्वारा 02 फरवरी 2026 को विशेष चेकिंग अभियान चलाते हुए वाहनों में रिफ्लेक्टर टेप का वितरण किया गया, जिससे रात्रि के समय दुर्घटनाओं की संभावना कम की जा सके। 03 फरवरी 2026 को एशियन स्कूल पिथौरागढ़ में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में अवगत कराया गया। इसके अतिरिक्त 06 फरवरी 2026 को जनपद में स्कूल बसों की विशेष चेकिंग की गई, जिसमें बसों की फिटनेस, आवश्यक सुरक्षा उपकरणों एवं नियमों के पालन की जांच की गई।
इसी क्रम में 09 फरवरी 2026 को घाट मोटर मार्ग पर रात्रि चेकिंग अभियान चलाया गया, जबकि 10 फरवरी 2026 को एआरटीओ टनकपुर के साथ संयुक्त चेकिंग अभियान संचालित किया गया। 12 फरवरी 2026 को जीजीआईसी पिथौरागढ़ में ‘परीक्षा एक उत्सव’ कार्यक्रम के अंतर्गत सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। 13 फरवरी 2026 को जनपद क्षेत्र में स्कूल बसों का सुरक्षा ऑडिट भी किया गया। साथ ही जनपद में रेडियो माध्यम से सड़क सुरक्षा जागरूकता संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा नगर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा से संबंधित पेंटिंग एवं चिन्हांकन कार्य भी कराया गया।
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि जनपद पिथौरागढ़ में दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) को चिन्हित कर उनके सुधार की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इन स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय जैसे पैराफिट, साइन बोर्ड, डेलिनेटर आदि लगाए गए हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके। संबंधित विभागों को इन स्थलों की निरंतर निगरानी रखने तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन के रूप में लेते हुए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाए जाएं। उन्होंने कहा कि विद्यालयों, महाविद्यालयों, परिवहन विभाग, पुलिस तथा अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि जनपद में सड़क दुर्घटनाओं को न्यूनतम किया जा सके।
बैठक में जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) एवं लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद की सभी ग्रामीण एवं मुख्य सड़कों पर दुर्घटना संभावित स्थलों को चिन्हित कर क्रैश बैरियर, साइन बोर्ड, रिफ्लेक्टर एवं चेतावनी संकेतक अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। साथ ही सभी निर्माण एवं मरम्मत कार्य निर्धारित मानकों, गुणवत्ता एवं समय-सीमा के अनुसार पूर्ण किए जाएं।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को भटकोट रोड में रंबल स्ट्रिप (Rumble Strip) निर्माण तथा ऐचोली क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर बनाए जाने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को सड़क किनारे दुर्घटना संभावित विद्युत पोलों को चिन्हित कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा गया। इसके अतिरिक्त अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग को ऐचोली एवं देवसिंह मैदान के नीचे स्थित सड़क की जर्जर स्थिति को देखते हुए तत्काल मरम्मत, गड्ढा मुक्त सड़क निर्माण एवं आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने तथा कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने के कड़े निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे ने नगर क्षेत्र में ट्रैफिक पार्क के निर्माण का सुझाव भी दिया, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग जीवन सिंह ह्यांकि, अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) शिवांश कांडपाल सहित परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग, पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
