जिला गंगा संरक्षण समिति की मासिक बैठक में दिए समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश
राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने पर जोर
पिथौरागढ़ | दिनांक: 08 अप्रैल 2026 (सू.वि.)
जिला गंगा संरक्षण समिति की मासिक बैठक आज कलेक्ट्रेट सभागार, पिथौरागढ़ में जिलाधिकारी श्री आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जनपद में संचालित सीवरेज, एसटीपी एवं अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित कार्यों की गहन समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित 5.0 एमएलडी एवं 1.25 एमएलडी क्षमता वाले एसटीपी के संचालन की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी संयंत्र निर्धारित मानकों के अनुरूप सुचारु रूप से संचालित हों। उन्होंने सीवरेज अवसंरचना की स्थिति, यूवी ट्रीटमेंट व्यवस्था एवं एफ्लुएंट की गुणवत्ता की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में धारचूला, बेरीनाग, गंगोलीहाट, डीडीहाट एवं मुनस्यारी क्षेत्रों में प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन एसटीपी कार्यों, को-ट्रीटमेंट प्लांट, सीवर लाइन विस्तार तथा 20 से अधिक कमरों वाले होटल एवं संस्थानों को एसटीपी से जोड़ने की प्रगति की समीक्षा की गई। नगर निकायों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर कार्यों में तेजी लाई जाए।
जिलाधिकारी ने काली नदी की जल गुणवत्ता की नियमित जांच हेतु सैंपलिंग व्यवस्था को और सुदृढ़ करने, बायो-मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट की सख्त निगरानी, सरकारी एवं निजी चिकित्सालयों के नियमित निरीक्षण तथा घाटों की स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जनपद के विभिन्न विकासखंडों में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण एवं वैज्ञानिक निस्तारण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया गया।
बैठक में सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध के कड़ाई से अनुपालन, डंपिंग साइट के चिन्हांकन एवं नगर निकायों द्वारा की जा रही प्रवर्तन कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी श्री आशुतोष सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ0 प्रशांत कौशिक,एसएसबी, आईटीबीपी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन डीपीओ नमामि गंगे ज्योत्सना जोशी द्वारा किया गया।