पश्मीना शॉल, हस्तशिल्प, मिलेट उत्पाद एवं ग्रीन टी सहित विभिन्न उत्पादों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों का हुआ चयन
जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र के उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पुरस्कार योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिला स्तरीय पुरस्कार चयन समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जनपद के उत्कृष्ट बुनकरों, हस्तशिल्पियों एवं उद्यमियों का विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार हेतु चयन किया गया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र कविता भगत ने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रत्येक वर्ष जिला स्तर पर हथकरघा, हस्तशिल्प एवं लघु उद्योग क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। इसके लिए जिला उद्योग केंद्र द्वारा आवेदन आमंत्रित किए जाते हैं। प्रत्येक क्षेत्र में प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। पुरस्कार के अंतर्गत प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न के साथ प्रथम पुरस्कार विजेता को 6,000 रुपये तथा द्वितीय पुरस्कार विजेता को 4,000 रुपये की धनराशि प्रदान की जाती है।

जिला स्तरीय चयन समिति द्वारा बुनकरों, हस्तशिल्पियों एवं लघु उद्यमियों के प्रदर्शित उत्पादों का अवलोकन एवं मूल्यांकन करने के उपरांत विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट उत्पादों का चयन किया गया।
पुरस्कार के लिए चयनित उद्यमियों में हथकरघा क्षेत्र के अंतर्गत पश्मीना शॉल में श्रीमती राधा देवी, डीडीहाट को प्रथम तथा श्रीमती नन्दा देवी को द्वितीय पुरस्कार के लिए चयनित किया गया। हस्तशिल्प क्षेत्र में वुडन चारधाम उत्पाद के लिए श्री अनिल कुमार को प्रथम तथा ऐपण फ्रेम उत्पाद के लिए कु. मंजू भंडारी को द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं उद्योग क्षेत्र में मिलेट उत्पाद एवं ग्रीन टी के लिए श्री हिमांशु जोशी (प्राइड ऑफ हिमालया) को प्रथम तथा कुल्फी उत्पाद के लिए त्रिलोचन पंत सेलर्स को द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित बुनकरों, हस्तशिल्पियों एवं उद्यमियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए बधाई देते हुए अपने उत्पादों में निरंतर नवाचार अपनाने, गुणवत्ता बनाए रखने तथा स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिलाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए ऐसे प्रयास महत्वपूर्ण हैं।

You missed