पिथौरागढ़। बुधवार को पिथौरागढ़ जिले के धारचूला में हुई कर दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार कार धारचूला से सीनियाखोला की ओर जा रही थी। दुर्घटना में 64 वर्षीय कमल राम पुत्र हरि राम, निवासी नौगांव की मौत हो गई। वहीं 50 वर्षीय नर सिंह निवासी सीनियाखोला और 30 वर्षीय विजेंद्र थापा, निवासी नौगांव घायल हो गए। सूचना मिलते ही धारचूला पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए धारचूला अस्पताल भिजवाया गया। घायलों की हालत स्थिर बनी हुई है।

धारचूला के कोतवाल हरेंद्र नेगी ने बताया कि कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई, जिससे यह हादसा हुआ। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए धारचूला लाया गया है। परिजनों के आने के बाद पंचायतनामा की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।