पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय से सटे ग्राम पंचायत हुड़ेती के राजकीय प्राथमिक विद्यालय के ताले एक बार फिर टूटे मिले। अज्ञात चोर विद्यालय से सिलिंडर, कंप्यूटर आदि सामग्री चुरा ले गए हैं। रसोई गैस संकट के बीच सिलिंडर चोरी होने से बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन लकड़ी के चूल्हे में बनाया जा रहा है। इससे पहले भी विगत जनवरी माह में इस विद्यालय में चोरी की घटना सामने आ चुकी है। क्षेत्र में लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं से क्षेत्र की जनता में आक्रोश बना हुआ है।
घटना की जानकारी बुधवार की सुबह विद्यालय खुलने के समय स्टाफ के पहुंचने पर लगी। विद्यालय के सभी कक्षों के ताले टूटे मिले। कक्षों के अंदर सामान बिखरा पड़ा हुआ था। रसोई घर से रिफिल किया गया सिलिंडर गायब मिला और कंप्यूटर व अन्य उपकरण भी नहीं दिखाए गए। इस संबंध में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका गोपी टम्टा ने थाना कोतवाली को सूचित कर चोरी की तहरीर दी। सूचना पर उपनिरीक्षक कमलेश जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मौका मुआयना कर पड़ताल शुरू की। गैस सिलिंडर चोरी होने से विद्यालय में बच्चाें के लिए मध्याह्न भोजन बनाने के लिए संकट खड़ा हो गया। इसके बाद विद्यालय में लकड़ी का अस्थाई चूल्हा बनाकर बच्चों के लिए भोजन बनाया गया। क्षेत्र में विगत तीन माह में चोरी की यह चौथी घटना है। इसी विद्यालय के आंगनबाड़ी केंद्र में गत जनवरी माह में चोरों ने धावा बोलकर बच्चों के खिलौने समेत कई अन्य सामग्री चोरी कर ली। इसके बाद इस विद्यालय से करीब सौ मीटर दूर महादेव धारा क्षेत्र में एक निजी विद्यालय में भी चोरों ने कंप्यूटर सहित कई अन्य उपकरण चोरी कर लिए। करीब 20 दिन पूर्व भी इसी क्षेत्र में महादेव धारा के पास एक दुकान से चोरों ने खाद्यान्न सामग्री चोरी कर ली थी। क्षेत्र में लगातार बढ़ती चोरी की घटना पर क्षेत्रवासियों में आक्रोश व्याप्त है। क्षेत्रवासियों ने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ अपराधियों को शीघ्र न पकड़ने पर सड़कों पर उतरने की चेतावनी दी है।
हुड़ेती प्राथमिक विद्यालय में चोरी की घटना की तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जांच में जुट चुकी है। क्षेत्र में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज में पुलिस को अहम सुराग मिला है। शीघ्र ही घटना का पर्दाफाश कर चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
ललित मोहन जोशी, कोतवाल।
