पिथौरागढ़। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के अंतर्गत जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आज बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से गणना प्रपत्र प्राप्त कर स्वयं उसे भरा तथा तत्पश्चात उसका डिजिटलीकरण भी कराया। इसी क्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह ने भी बीएलओ से गणना प्रपत्र प्राप्त कर उसे भरा तथा उसके उपरांत उसका डिजिटलीकरण कराया।

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर जनपद में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अभियान से संबंधित सभी कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने जनपद स्थित निर्वाचन वेयरहाउस का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध निर्वाचन सामग्री एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र पहुंचाना तथा उसका समयबद्ध डिजिटलीकरण सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके।

उन्होंने जनपद के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे बीएलओ द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे मतदाता गणना प्रपत्रों को समयबद्ध रूप से भरकर निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि प्रपत्रों में सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने से मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित होगी, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ बनेगी।