पिथौरागढ़। उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में आज एक दर्दनाक हादसा हो गया। धारचूला तहसील मुख्यालय से करीब 42 किलोमीटर दूर पंपाबे क्षेत्र में पंचाचूली बेस कैंप से लौट रहे पर्यटकों की स्कॉर्पियो वाहन पर पहाड़ी से अचानक विशाल बोल्डर गिर गया। हादसे में वाहन चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार राजस्थान के कोटा जिले के रामगंज मंडी क्षेत्र से एक ही परिवार के नौ चचेरे भाई-बहन उत्तराखंड भ्रमण पर आए थे। सभी ने आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन किए थे। इसके बाद परिवार दारमा घाटी और पंचाचूली बेस क्षेत्र की यात्रा पर निकला। आज वापसी के दौरान परिवार के कुछ सदस्य स्कॉर्पियो वाहन में सवार थे, जबकि अन्य सदस्य दूसरी गाड़ी में यात्रा कर रहे थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे धारचूला से लगभग 42 किलोमीटर दूर पंपाबे क्षेत्र में पहाड़ी से अचानक एक विशाल बोल्डर टूटकर नीचे आ गिरा। बोल्डर सीधे स्कॉर्पियो के अगले हिस्से पर गिरा, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।

हादसा इतना भयावह था कि वाहन चालक सुरेन्द्र गर्ज्याल (50) पुत्र किशन सिंह निवासी गर्त्यांग, धारचूला तथा राजस्थान के रामगंज मंडी निवासी 15 वर्षीय केशव खंडेलवाल पुत्र अजेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन के पिछले हिस्से में बैठे चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों में ऋषभ खंडेलवाल (30) पुत्र मुकेश खंडेलवाल, राघव खंडेलवाल (17) पुत्र बृजेश खंडेलवाल, रुणि खंडेलवाल (26) पुत्र दिनेश खंडेलवाल तथा आयुष खंडेलवाल (24) पुत्र गजेन्द्र खंडेलवाल शामिल हैं। सभी घायल राजस्थान के कोटा जिले के निवासी बताए गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय धारचूला भेजा गया। प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।