पिथौरागढ़

पिथौरागढ़। नगर निगम सभागार में प्र
ख्यात फोटोग्राफर संजीव भसीन द्वारा आयोजित एकल फोटो प्रदर्शनी ‘आरोहण’ में आज जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने शिरकत कर प्रदर्शित छायाचित्रों का अवलोकन किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित हिमालयी प्राकृतिक सौंदर्य, जनजीवन, संस्कृति एवं साहसिक गतिविधियों से संबंधित तस्वीरों की सराहना करते हुए इसे जनपद की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट माध्यम बताया।


जिलाधिकारी ने कहा कि फोटोग्राफी केवल कला का माध्यम नहीं, बल्कि समाज, संस्कृति और प्रकृति के विविध आयामों को संरक्षित करने का सशक्त उपकरण भी है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में प्रदर्शित तस्वीरें न केवल पिथौरागढ़ और हिमालयी क्षेत्र की अनुपम सुंदरता को दर्शाती हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन संवर्धन और स्थानीय संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य भी करती हैं।


प्रदर्शनी के दौरान संजीव भसीन ने जिलाधिकारी को विभिन्न छायाचित्रों के पीछे की कहानियों एवं उनके चित्रण की परिस्थितियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में हिमालय की बर्फाच्छादित चोटियों, सीमांत क्षेत्रों के जनजीवन, प्राकृतिक दृश्यों एवं साहसिक अभियानों से जुड़े अनेक दुर्लभ छायाचित्र प्रदर्शित किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने प्रदर्शनी के सफल आयोजन हेतु आयोजकों एवं फोटोग्राफर संजीव भसीन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को प्रकृति, कला और रचनात्मकता से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने जनपदवासियों से भी प्रदर्शनी का अवलोकन कर स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की अपील की।


इस अवसर पर मेयर नगर निगम कल्पना देवलाल, राकेश देवलाल, पवन जोशी उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों एवं कला प्रेमियों ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन कर प्रदर्शित छायाचित्रों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।