जिलाधिकारी श्री आशीष कुमार भटगाई ने सोमवार को जिला कार्यालय स्थित कैंप कार्यालय में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा बैठक ली। बैठक के दौरान स्वच्छता कार्यों में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि नगर क्षेत्र में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण एवं निस्तारण की व्यवस्था को शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए। कूड़ा निस्तारण के लिए गठित समितियों को तत्काल सक्रिय करते हुए उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि नगर क्षेत्र की सभी नालियों की सफाई एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कर ली जाए। यदि निर्धारित समयावधि में नालियों की सफाई नहीं होती है तो संबंधित अधिशासी अभियंता की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छता कार्यों की फोटोग्राफ सहित साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित टेंडरिंग प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए तथा कूड़े के पृथक्करण (सेग्रीगेशन) का कार्य प्रभावी रूप से संचालित किया जाए। जहां यह कार्य संतोषजनक रूप से नहीं हो रहा है, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि यदि अधिशासी अभियंताओं द्वारा कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा नहीं किया गया तो उनके विरुद्ध जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन स्वच्छता कार्यों की समीक्षा एवं मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

बैठक में बड़े अपशिष्ट उत्पादकों (बल्क वेस्ट जनरेटर) पर विशेष ध्यान देने, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण की मैपिंग करने तथा चालान की कार्रवाई में और अधिक तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि नगर की स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता है और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में दिन में दो बार सफाई कराई जाए। इसके अतिरिक्त मौसमी आवश्यकताओं एवं स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप अन्य क्षेत्रों में भी विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ पिथौरागढ़ के निर्माण हेतु सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करना सुनिश्चित करें।