पिथौरागढ़।
जनपद में मानसून के दृष्टिगत सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी श्री आशीष कुमार भटगांई ने आज दिल्ली बैंड, मुन्ना बैंड एवं चूपकोट बैंड का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर खतरनाक चट्टानें एवं ढीले (लूज) बोल्डर पाए जाने तथा आवश्यक कार्यवाही में शिथिलता पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी खतरनाक चट्टानों एवं ढीले बोल्डरों का तत्काल चिन्हांकन कर वैज्ञानिक तरीके से उन्हें हटाने हेतु समयबद्ध टेंडर प्रक्रिया पूर्ण की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऊंचाई पर स्थित ढीले बोल्डरों की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कर उनका रिकॉर्ड तैयार किया जाए, ताकि उनकी नियमित निगरानी की जा सके और संभावित खतरे का समय रहते आकलन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि जुलाई, अगस्त एवं सितंबर माह में होने वाली भारी वर्षा के दौरान सड़क मार्ग हर हाल में सुचारु रहने चाहिए। यदि कोई मरीज अथवा अन्य व्यक्ति सड़क मार्ग से उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए जा रहा हो तो उसे किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें तथा मशीनरी, जेसीबी और अन्य आवश्यक संसाधन हर समय तैयार रखें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रभावी रिस्पॉन्स मैकेनिज्म तैयार रखने, संवेदनशील स्थलों की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि सड़क सुरक्षा एवं मानसून तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
