पिथौरागढ़, ।
आज जिला कार्यालय में जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में नैनी सैनी एयरपोर्ट पिथौरागढ़ के विस्तारीकरण एवं उन्नयन की संभावनाओं को लेकर संबंधित विभागों एवं एयरपोर्ट विस्तारीकरण से जुड़े समस्त स्टेकहोल्डर्स के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों द्वारा जिलाधिकारी को एयर ट्रैफिक पोटेंशियल (Air Traffic Potential) रिपोर्ट के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने उक्त रिपोर्ट को आवश्यक कार्यवाही हेतु उच्च स्तर पर प्रेषित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि नैनी सैनी एयरपोर्ट को वर्तमान 2C श्रेणी से उन्नत कर 3C श्रेणी में विकसित किए जाने की योजना है। इस संबंध में एयरपोर्ट विस्तारीकरण की व्यवहार्यता (Feasibility), संभावित आवश्यकताओं एवं विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को एयरपोर्ट विस्तारीकरण से जुड़े सोशल इम्पैक्ट असेसमेंट (Social Impact Assessment) सहित अन्य तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं का विस्तृत अध्ययन कर समग्र रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना से संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सभी आवश्यक प्रक्रियाओं एवं औपचारिकताओं को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए, ताकि परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि एयरपोर्ट विस्तारीकरण के संबंध में नियमित फॉलोअप करते हुए ठोस परिणाम सुनिश्चित किए जाएं तथा सभी आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण की जाए।
उन्होंने कहा कि नैनी सैनी एयरपोर्ट का उन्नयन जनपद में हवाई कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने, पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा क्षेत्रीय विकास की संभावनाओं को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह सहित एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया एवं विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।