पिथौरागढ़
धारचूला पुलिस की त्वरित कार्रवाई, हत्या में प्रयुक्त डंडा सहित अहम साक्ष्य बरामद
दिनांक 06.11.2026 को प्रातः खोतिला पुल के पास एक महिला का शव मिलने की सूचना पर कोतवाली धारचूला पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। मृतका की शिनाख्त मीनू लोहारी (उम्र 35 वर्ष) के रूप में हुई। शव पर चोटों के निशान पाए गए।
जांच के दौरान प्रकाश में आया कि मृतका करीब 3 वर्ष पूर्व अपने पति मोहन राम, निवासी नेपाल से अलग होकर देवराज नबियाल, निवासी खोतिला के साथ रह रही थी। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं संदिग्ध के घर की गहन जांच की गई। फील्ड यूनिट टीम द्वारा देवराज नबियाल के घर का निरीक्षण करने पर बेड एवं फर्श पर खून के निशान पाए गए।
मृतका के पुत्र की तहरीर पर कोतवाली धारचूला में धारा 103(1)/238(1) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार
धारचूला पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए तकनीकी एवं मैनुअल इनपुट्स के आधार पर दिनांक 06.11.2026 की रात्रि को नामजद अभियुक्त देवराज नबियाल (उम्र 35 वर्ष), निवासी ग्राम खोतिला, धारचूला को एसएसबी कैंप के पीछे काली नदी के किनारे से गिरफ्तार किया गया।
अभियुक्त की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा, खून लगा शर्ट, जूते एवं मोबाइल फोन बरामद किए गए। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।