पिथौरागढ़। धनतेरस एवं दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए पिथौरागढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे ने शुक्रवार को नगर के प्रमुख बाजारों सिमलगैर, पटाखा बाजार, गांधी चौक और सिल्थाम का भ्रमण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही हुड़दंग और अराजकता फैलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। एसपी ने आमजन से त्योहार को शांतिपूर्वक मनाने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की।

इस दौरान सीओ गोविन्द बल्लभ जोशी, कोतवाली प्रभारी ललित मोहन जोशी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।