जनपद के 651 पोलिंग बूथों पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश, दूरस्थ एवं दुर्गम मतदान केंद्रों पर विशेष फोकस
आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों के दृष्टिगत आज जिला कार्यालय में जिलाधिकारी आशीष भट्टगांई की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जनपद की चारों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या, पोलिंग स्टेशनों तथा निर्वाचन से संबंधित विभिन्न तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विशेष रूप से जनपद के दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में स्थित पी-3, पी-2 एवं पी-1 श्रेणी के मतदान केंद्रों के संबंध में जानकारी लेते हुए वहां निर्वाचन व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटी (AMF) के अंतर्गत रैंप, विद्युत व्यवस्था, शौचालय, पेयजल, शेड सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों का शीघ्र स्थलीय निरीक्षण करें तथा वहां उपलब्ध न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं एवं आवश्यक सुधार कार्यों की जानकारी जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं।
जिलाधिकारी ने निर्वाचन की बेहतर तैयारियों एवं प्रभावी प्रबंधन के लिए विस्तृत इलेक्शन मैनेजमेंट प्लान का प्रारूप तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित समयावधि में अपना प्लान तैयार कर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद में कुल 651 पोलिंग बूथ स्थापित हैं। साथ ही 16 नवंबर से 15 दिसंबर तक निर्वाचन संबंधी अवेयरनेस एवं ट्रेनिंग कार्यक्रम संचालित किया जाना प्रस्तावित है। इस दौरान कार्मिकों को रूट चार्ट, मूवमेंट प्लान तथा निर्वाचन से संबंधित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं एवं प्रक्रियाओं के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। निर्वाचन संबंधी प्रत्येक कार्य को गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ प्राथमिकता देते हुए संपादित किया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह उप जिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा सहित अन्य विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।