उत्तरकाशी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। गंगनानी के समीप डबरानी की ओर जा रही गुजरात के यात्रियों से भरी इनोवा कार अनियंत्रित होकर भागीरथी नदी में जा गिरी। हादसे में अब तक चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि एक गंभीर घायल को नदी से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। दो अन्य यात्री अभी लापता हैं। उनकी तलाश में नदी और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, हादसा पांच नवंबर की सुबह हुआ। इनोवा कार संख्या UK08 TA 6040 में चालक समेत सात लोग सवार थे। वाहन गंगोत्री की ओर जा रहा था। दुर्घटना की सूचना मिलते ही SDRF की उजेली और भटवाड़ी पोस्ट से टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। मौके पर पहुंचकर SDRF ने स्थानीय पुलिस, NDRF और अन्य बचाव दलों के साथ संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
बचाव अभियान के दौरान नदी तट से चार शव बरामद किए गए। मृतकों में सूरत, गुजरात निवासी 49 वर्षीय अशोकबेन पटेल, उनकी 19 वर्षीय पुत्री रुतिका पटेल, गुजरात निवासी 32 वर्षीय घनश्यामभाई सरवालिया और कार चालक राहुल अग्रवाल निवासी हरिद्वार शामिल हैं।
हादसे में घायल 17 वर्षीय वेदांत अशोकभाई पटेल को रेस्क्यू कर उपचार के लिए भेजा गया है। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए हेलीकॉप्टर से रेफर करने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, 45 वर्षीय सुधाबेन अशोकभाई पटेल और 34 वर्षीय किरणबेन विशालभाई पटेल की तलाश जारी है।
SDRF के सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर टीमें लगातार अभियान में जुटी हैं। नदी के तेज बहाव और आसपास के संभावित स्थानों पर बचाव दल लापता यात्रियों की तलाश कर रहे हैं।