​पिथौरागढ़:

आजाद भारत के प्रथम परमवीर चक्र विजेता मरणोपरांत मेजर सोमनाथ शर्मा (PVC) की 79वीं पुण्यतिथि पिथौरागढ़ में 4 कुमाऊं रेजिमेंट के पूर्व सैनिकों द्वारा अत्यंत उत्साह और सम्मान के साथ एक निजी होटल में आयोजित की गई। इस गरिमामयी समारोह में क्षेत्र के कई गणमान्य पूर्व सैनिकों ने भाग लिया और देश के वीर सपूत को नमन किया।
​समारोह की शुरुआत में सभी उपस्थित पूर्व सैनिकों द्वारा मेजर सोमनाथ शर्मा के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, 1971 के युद्ध और ‘ऑपरेशन मेघदूत’ (1984) के वीर योद्धा नायब सूबेदार होशियार राम साहब रहे। उन्हें समारोह में शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।


​इसके पश्चात, सूबेदार चंचल सिंह साहब ने बडगाम की ऐतिहासिक लड़ाई के बारे में विस्तार से प्रकाश डालते हुए मेजर सोमनाथ शर्मा के अदम्य साहस और बलिदान की गाथा सुनाई। कार्यक्रम के अंत में देशभक्ति के नारों— “कालिका माता की जय”, “बजरंगबली की जय” तथा 4 कुमाऊं रेजिमेंट के युद्धघोष— के साथ सभी ने कुमाऊं रेजिमेंट का पारंपरिक गीत “थिमैंय्या मार्च” गाया, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।
​इस आयोजन में सूबेदार मेजर नंदन सिंह महर, सूबेदार सुरेश पुनेड़ा (SM), सूबेदार कृष्णानंद सहित दर्जनों पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।