पिथौरागढ़। रामगंगा घाटी के प्रमुख कस्बे मुवानी में बुधवार को ढोल-दमाऊ की गूंज, छलिया नृत्य और पारंपरिक कलश यात्रा के साथ चार दिवसीय 11वें मुवानी महोत्सव का आगाज हुआ। रंगारंग झांकी के बीच विधायक मयूख महर और युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आनंद रावत ने फीता काटकर महोत्सव का शुभारंभ किया।
उद्घाटन समारोह में क्षेत्र की लोकसंस्कृति और पारंपरिक विरासत की झलक देखने को मिली। राजकीय महाविद्यालय मुवानी, राजकीय इंटर कॉलेज मुवानी, शेर सिंह कार्की पब्लिक स्कूल, प्रगति पब्लिक स्कूल और राजकीय इंटर कॉलेज थल के विद्यार्थियों ने झांकी में शामिल होकर विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नंदा गौरा महिला मंगल दल मुवानी की महिलाओं ने भी पारंपरिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोहा। झांकी के दौरान जेसीबी मशीन से अतिथियों पर फूलों की वर्षा आकर्षण का केंद्र रही।
मुख्य अतिथि विधायक मयूख महर ने क्षेत्रवासियों को महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन स्वस्थ मनोरंजन के साथ ही स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशिष्ट अतिथि आनंद रावत ने कहा कि ऐसे आयोजनों से महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा मिलता है। साथ ही नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को समझने का अवसर मिलता है।
महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ जनसुविधाओं का भी ध्यान रखा गया है। विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी के अलावा कृषक शिविर और आधार कार्ड शिविर लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देने के साथ सीधे लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
महोत्सव समिति के अध्यक्ष कमल दीप सिंह बिष्ट ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन ललित मोहन राठौर शौर्य और हंस पाल ने संयुक्त रूप से किया।
इस दौरान प्रधान संरक्षक राम सिंह राठौर, संयोजक रमेश बम, उपाध्यक्ष जीवन बोरा, महामंत्री शोभन कार्की, सचिव कुलदीप आर्या, उप सचिव संजय भट्ट, जिला पंचायत सदस्य हेमंत प्रसाद, ग्राम प्रधान जगत सिंह मेहता सहित समिति के अन्य पदाधिकारी और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।