पिथौरागढ़। सैनिक परंपरा, आपसी भाईचारे और देशभक्ति के जज्बे के साथ 21 कुमाऊं रेजिमेंट का 39वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। एयरपोर्ट लाइन स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रेजिमेंट के पूर्व सैनिकों और अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान पुरानी यादें ताजा हुईं तो सैनिक जीवन के अनुभवों ने नई पीढ़ी को भी प्रेरित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त सूबेदार राजेंद्र सिंह और कैप्टन हयात सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद रेजिमेंट के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को याद किया गया। कार्यक्रम में मौजूद पूर्व सैनिकों और अधिकारियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने सैन्य जीवन के अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, कठिन परिस्थितियों में जिम्मेदारी निभाने और साथियों के बीच बने अटूट विश्वास से जुड़े संस्मरण सुनाए।

इसके बाद पूर्व सैनिकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कुमाऊंनी लोकगीतों की धुन पर पूर्व सैनिक जमकर थिरके। उम्र के इस पड़ाव पर भी उनके उत्साह और जोश ने कार्यक्रम में नई ऊर्जा भर दी। भारत माता की जय और कालिका माता की जय के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। आयोजन के दौरान पूर्व सैनिकों ने एक-दूसरे से मुलाकात कर पुराने दिनों की यादें साझा कीं और रेजिमेंट के साथ अपने जुड़ाव को फिर से महसूस किया।

कार्यक्रम में सूबेदार कल्याण सिंह, पवन जोशी, लक्ष्मण सिंह, बीएफआई कोच राजेंद्र भाटिया और सूबेदार राजेश भट्ट सहित 21 कुमाऊं के बड़ी संख्या में भूतपूर्व सैनिक मौजूद रहे।