बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जीआईसी भटखोला के प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा की स्कूल के ही वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी नवल किशोर सोराड़ी ने शनिवार को चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

मामले के अनुसार सैंज निवासी दयानंद टम्टा जीआईसी भटखोला में प्रभारी प्रधानाचार्य के पद पर तैनात थे। शनिवार सुबह जब वह घर से पैदल विद्यालय को जा रहे थे तभी नवल किशोर ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आरोपी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी चंपावत जिले का रहने वाला है और कुछ समय पूर्व अल्मोड़ा जिले से स्थानांतरित होकर जीआईसी भटखोला में आया था। बताया जा रहा है कि वेतन रुकने से वह नाराज चल रहा था। शनिवार को उसने खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया। शिक्षा विभाग में गहरा शोक व्याप्त है।