भवाली। कैंचीधाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दर्शन के बाद उनकी निकासी सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए नदी की ओर वैकल्पिक मार्ग विकसित करने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की संयुक्त टीम ने प्रस्तावित मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं का आकलन किया।
एसपी संचार रेवाधर मठपाल के नेतृत्व में टीम ने प्रस्तावित मार्ग के निर्माण, उसे आवागमन के लिए खोलने की संभावनाओं और निर्माण प्रक्रिया पर चर्चा की। निरीक्षण के दौरान मार्ग निर्माण में आने वाली संभावित कठिनाइयों और तकनीकी चुनौतियों का भी जायजा लिया गया।
संयुक्त निरीक्षण में भवाली के क्षेत्राधिकारी विनय सिंह, कैंचीधाम चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विजय कुमार, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता रत्नेश सक्सेना सहित सहायक अभियंता, अवर अभियंता और अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।