पिथौरागढ़।
जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में आज जिला टेलीकॉम समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद में 4जी सेचुरेशन परियोजना, भारतनेट परियोजना सहित दूरसंचार से संबंधित विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि बीएसएनएल द्वारा जनपद में कुल 95 मोबाइल टावर स्थापित किए जाने हैं, जिनमें से 61 टावर स्थापित कर सेवाएं संचालित की जा चुकी हैं। जिलाधिकारी ने शेष टावरों के निर्माण एवं संचालन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दूरस्थ एवं संचार सुविधा से वंचित क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि ग्रामीण एवं सीमांत क्षेत्रों के लोगों को बेहतर दूरसंचार सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि अवशेष कार्यों को एक माह के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की नेटवर्क सेवाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जाए, इसके लिए नियमित रूप से जिला टेलिकॉम समिति की बैठकें करने के निर्देश संबंधितों को दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जो टावर स्थापित किए जा चुके हैं, उनसे सेवाएं संचालित करने की कार्यवाही में अनावश्यक विलंब न करें। उनका लाभ लोगों को मिले, इसी भावना से त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि टावर लगाने के लिए सिलेक्शन साइट का चयन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर किया जाए। टावर लगाने के बाद यह स्थिति बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, कि टावर स्थापना के बाद भी लोगों को उसका लाभ न मिले। इसके लिए यह आवश्यक है कि टावर ऐसे स्थान पर लगे, कि उसका दायरा अधिकतम क्षेत्र को कवर करता हो।
जिलाधिकारी ने 4जी सेचुरेशन परियोजना के अंतर्गत मोबाइल टावर स्थापना के लिए चिन्हित स्थलों पर भूमि की उपलब्धता एवं आवश्यक औपचारिकताओं का प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने विद्युत कनेक्शन से संबंधित प्रकरणों की भी समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि टावरों के संचालन के लिए आवश्यक विद्युत कनेक्शन की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो तथा संबंधित विभाग आपसी समन्वय से लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करें।
भारतनेट परियोजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जनपद में परियोजना की प्रगति एवं उसके समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारतनेट परियोजना के अंतर्गत निर्धारित कार्यों को गुणवत्ता के साथ तेजी से पूरा किया जाए तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत भवन अथवा वैकल्पिक भवनों में भारतनेट परियोजना के अंतर्गत स्थापित किए जाने वाले उपकरणों के लिए उपयुक्त स्थान की उपलब्धता तथा उपकरणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित ग्राम पंचायतों एवं अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर उपकरणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि दूरसंचार से जुड़ी परियोजनाएं सीधे तौर पर आमजन, विशेषकर ग्रामीण एवं सीमांत क्षेत्रों की कनेक्टिविटी से जुड़ी हैं। इसलिए किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं सेवा प्रदाता कंपनियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, बीएसएनएल के आशीष कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे तथा विभिन्न सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
