पिथौरागढ़। शहीद सिपाही देवेंद्र चंद, शौर्य चक्र (5 महार) की पुण्यतिथि पर पूर्व सैनिक संगठन, पिथौरागढ़ द्वारा चंद चौक, निकट नया घंटाघर, टकाना स्थित शहीद स्मृति स्थल पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी जितेंद्र वर्मा, पूर्व सैनिकों, 5 महार रेजीमेंट से आए सैन्य प्रतिनिधियों, सेना मुख्यालय पिथौरागढ़ से 6 राजपूताना राइफल्स के जवानों, शहीद के परिजनों एवं स्थानीय नागरिकों ने पुष्प एवं पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद को श्रद्धांजलि दी।
22 अगस्त 2004 को सोमालिया (अफ्रीका) में उग्रवादियों के विरुद्ध अभियान के दौरान सिपाही देवेंद्र चंद ने अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए दुश्मनों के मंसूबों को विफल किया और राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके असाधारण साहस और कर्तव्यनिष्ठा के लिए उन्हें मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व सैनिक संगठन के धर्मगुरु नायक सूबेदार नवीन गुरुरानी द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना से हुआ। इसके पश्चात शहीद के भाई विक्रम चंद एवं उनकी धर्मपत्नी द्वारा दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया गया। शहीद की यूनिट 5 महार से आए नायब सूबेदार उमेश भट्ट तथा 6 राजपूताना राइफल्स के नायब सूबेदार अफरोज अंसारी, पूर्व सैनिक संगठन के सूबेदार मेजर किशन सिंह एवं उप जिलाधिकारी जितेंद्र वर्मा द्वारा पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
शहीद के सम्मान में सेना के जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर शहीद के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में उप जिलाधिकारी जितेंद्र वर्मा ने शहीद देवेंद्र चंद को नमन करते हुए उनके बलिदान को राष्ट्र और जनपद के लिए गौरव बताया। उन्होंने शहीद परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए पूर्व सैनिक संगठन द्वारा शहीदों की स्मृति को जीवंत रखने तथा समाज में राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
पूर्व सैनिक संगठन ने कहा कि शहीदों की पुण्यतिथि केवल श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को उनके त्याग, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण से परिचित कराने का संकल्प दिवस भी है। संगठन शहीदों की स्मृतियों और उनके परिवारों के सम्मान के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम में उत्तराखंड क्रांति दल के पूर्व विधायक काशी सिंह ऐरी, सीनियर सिटीजन एसोसिएशन के उपाध्यक्ष राजेंद्र खनका, जागृति कॉलोनी के पार्षद पवन पटनी सहित पूर्व सैनिक संगठन की श्रीमती दीपा जोशी, राजेंद्र जोरा, जीत सिंह गोवारी, हर सिंह, त्रिलोक सिंह, महेश चंद्र, विक्रम सिंह, धनी चंद, महेश शाही, ललित रावत, दिवाकर बोहरा सहित अनेक पूर्व सैनिक एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सूबेदार मेजर रमेश सिंह महर द्वारा किया गया।
