मेरा सपना, मेरा लक्ष्य’ कार्यक्रम में बालिकाओं को दिए करियर के मंत्र
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत ‘मेरा सपना, मेरा लक्ष्य’ कार्यक्रम के छठे संस्करण का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। कार्यक्रम में गंगोत्री गर्ब्याल राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने प्रतिभाग किया। विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत अधिकारियों एवं विशेषज्ञों द्वारा छात्राओं को करियर निर्माण, लक्ष्य निर्धारण एवं सफलता के लिए आवश्यक तैयारियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। छात्राओं ने विभिन्न करियर विकल्पों को लेकर अपनी जिज्ञासाएं एवं प्रश्न भी रखे, जिनका अधिकारियों द्वारा समाधान किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए चुनौतियों का सामना करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बालिका को अपने लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर उसकी ओर आगे बढ़ना चाहिए। रास्ते में आने वाली कठिनाइयों से घबराने के बजाय उनसे सीख लेते हुए आगे बढ़ें। निरंतर प्रयास और दृढ़ संकल्प से सफलता अवश्य प्राप्त होती है। उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने तथा अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि आज बालिकाओं के लिए शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में अनेक अवसर उपलब्ध हैं। आवश्यकता है कि छात्राएं अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करें और उसके लिए पूरी मेहनत एवं लगन से तैयारी करें। उन्होंने छात्राओं को अपनी प्रतिभा को पहचानने तथा उसे बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने कार्यक्षेत्र एवं अनुभवों के आधार पर छात्राओं को करियर संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। अधिकारियों ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा, सरकारी एवं निजी क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए आवश्यक तैयारियों के संबंध में छात्राओं का मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पर बालिकाओं ने अपनी विभिन्न प्रतिभाओं का प्रदर्शन भी किया। छात्राओं की प्रस्तुतियों की जिलाधिकारी ने सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया तथा कहा कि प्रत्येक बालिका में विशेष प्रतिभा एवं क्षमता होती है, जिसे उचित अवसर एवं मार्गदर्शन के माध्यम से निखारा जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान बाल विकास विभाग एवं शिक्षा विभाग की ओर से छात्राओं को बैग भी वितरित किए गए।
मुख्य शिक्षा अधिकारी तरुण पंत ने कहा कि जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देशानुसार इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा के साथ-साथ उनके भविष्य के लिए सही करियर विकल्प चुनने, आत्मविश्वास बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु नौगांई, शिक्षक गण सहित बालिकाएं एवं अन्य उपस्थित रहे।
