प्रस्ताव अपलोड करने से पूर्व सभी औपचारिकताएं पूर्ण करना अनिवार्य
जनपद में सड़क एवं अन्य महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के निर्माण के लिए वनभूमि हस्तांतरण तथा लैंड बैंक के संबंध में जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने वनभूमि हस्तांतरण से जुड़े प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़े और स्पष्ट निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन विकास परियोजनाओं में वनभूमि हस्तांतरण की आवश्यकता है, उनमें किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध रूप से पूर्ण कर प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित करें।
उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वनभूमि हस्तांतरण से संबंधित प्रकरणों में अनावश्यक पत्राचार अथवा विलंब की स्थिति उत्पन्न न होने दें। प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
निर्माणकारी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वनभूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव तैयार करने से पूर्व सभी आवश्यक अभिलेख एवं औपचारिकताएं अनिवार्य रूप से पूर्ण कर ली जाएं। किसी भी प्रकार की कमी या त्रुटि रहने पर प्रस्ताव अपलोड न किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आपत्तियों की गुंजाइश न रहे, इसके लिए प्रस्ताव अपलोड करने से पहले संबंधित अधिकारी प्रत्येक बिंदु का स्वयं परीक्षण सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद स्तर पर तैयार किए गए लैंड बैंक का पुनः गहन मूल्यांकन किया जाए। यदि विकास परियोजनाओं के लिए उपयुक्त अतिरिक्त भूमि उपलब्ध हो सकती है तो उसका भी चिन्हीकरण कर लैंड बैंक में शामिल किया जाए। उन्होंने भूमि चिन्हीकरण की प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और सजगता बरतने के निर्देश दिए।
वन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वनभूमि हस्तांतरण से संबंधित कोई भी प्रस्ताव बिना उचित कारण के लंबित नहीं रखा जाए। सभी आवश्यक औपचारिकताओं की जांच के उपरांत प्रस्तावों को समयबद्ध रूप से अग्रेषित करना सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि विकास परियोजनाओं में वनभूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया के कारण अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह सहित सभी संबंधित उपस्थित रहे।
