पिथौरागढ़

भारत-नेपाल समन्वय बैठक में प्रतिभाग करने पिथौरागढ़ पहुंचे नेपाल के बैतड़ी एवं दार्चुला जनपद के प्रशासनिक अधिकारियों ने आज पिथौरागढ़ के ऐतिहासिक सौर किले का भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारियों ने किले के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी ली तथा यहां की वास्तुकला और विरासत की सराहना की।

भ्रमण के दौरान अधिकारियों को सौर किले के इतिहास, इसके महत्व तथा पिथौरागढ़ की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के बारे में जानकारी दी गई। नेपाली अधिकारियों ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सामाजिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक संबंध रहे हैं। ऐसे ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण दोनों देशों के बीच आपसी समझ और संबंधों को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इस दौरान जिलाधिकारी आशीष भटगांई, उप निदेशक पर्यटन अतुल भंडारी, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।