आपदा प्रणाली को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश, सड़क एवं पेयजल व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश।

जनपद में हो रही लगातार बारिश के दृष्टिगत जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आज जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचकर जनपद में बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों एवं आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जनपद में अवरुद्ध सड़क मार्गों तथा अन्य आपात परिस्थितियों के संबंध में विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं।

जिलाधिकारी ने जनपद की विभिन्न तहसीलों में संचालित आपदा कंट्रोल रूम से स्वयं दूरभाष पर वार्ता कर क्षेत्रों की वस्तुस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी क्षेत्र से आपात स्थिति की सूचना प्राप्त होते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनपद की पूरी आपदा प्रबंधन प्रणाली को सक्रिय एवं अलर्ट मोड पर रखा जाए।

जिलाधिकारी ने सड़क मार्गों को लेकर संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि कहीं भी सड़क अवरुद्ध होने की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करते हुए यातायात सुचारू कराया जाए। सभी जेसीबी मशीनों को तत्पर स्थिति में रखा जाए, ताकि मार्ग अवरुद्ध होने पर बिना किसी विलंब के मलबा हटाने की कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने पेयजल विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के कारण कहीं भी पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल मरम्मत कर पेयजल आपूर्ति सुचारू की जाए। जिलाधिकारी ने जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को भी निर्देशित किया कि किसी भी आपात सूचना पर संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से भी अपील की है कि बारिश के मौसम में स्वयं के स्तर से भी सतर्कता बरती जाए, नदी, नालों एवं जोखिम भरे स्थानों पर न जाएं तथा अनावश्यक रूप से गैर जरूरी यात्रा से बचें। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति होने पर आपदा कंट्रोल रूम में इसकी सूचना दें।

आपदा कंट्रोल रूम नंबर – 8218857220, 8449305857, 05964226326

इस दौरान अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र महर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।