धारचूला। बारिश के चलते आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर कई जगह बोल्डर और मलबा आने से गुरुवार सुबह करीब पांच बजे यातायात ठप हो गया। एस-बेंड, गस्कू, वर्तीघाट और मलघाट में सड़क बंद होने से दोनों ओर दर्जनों वाहन फंस गए।
मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही बीआरओ की 65 आरसीसी, ग्रेफ की टीम मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का काम शुरू किया।कड़ी मशक्कत के बाद बीआरओ कर्मियों ने गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे सड़क से मलबा और बोल्डर हटाकर यातायात सुचारु कर दिया। करीब सात घंटे बाद मार्ग खुलने से आदि कैलाश क्षेत्र की ओर जाने वाले यात्रियों, सुरक्षा कर्मियों, टैक्सी चालकों और स्थानीय ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
थाना पांगला के हेड कांस्टेबल सोबन सिंह बनग्याल ने बताया कि सड़क खुलने के बाद गुंजी की ओर करीब 70 वाहन रवाना हुए, जबकि धारचूला की ओर करीब 30 वाहनों को भेजा गया। मार्ग खुलने के बाद दोनों ओर फंसे वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई।समय पर मिल रही सड़क बंद होने की सूचनाआदि कैलाश यात्रा मार्ग पर बारिश के दौरान लगातार भूस्खलन और मलबा आने से यातायात प्रभावित होता रहता है। ऐसे में सड़क की स्थिति की समय पर जानकारी मिलना वाहन चालकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
हेड कांस्टेबल सोबन सिंह बनग्याल द्वारा सड़क बंद होने और मार्ग खुलने की सूचना समय-समय पर टैक्सी ग्रुपों में साझा की जाती है। इससे स्थानीय वाहन चालकों और वाहन स्वामियों को समय रहते मार्ग की स्थिति की जानकारी मिल जाती है और वे उसी के अनुसार अपनी आवाजाही की योजना बनाते हैं। इससे बंद मार्ग पर अनावश्यक रूप से वाहन फंसने की समस्या भी कम होती है।
