पिथौरागढ़।

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा पर हुई चर्चा।

आगामी 10 सितंबर को भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी की 139वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर आज जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी की जयंती को गरिमा एवं भव्यता के साथ मनाए जाने के लिए कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 10 बजे पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके पश्चात नगर निगम सभागार में पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी के जीवन, उनके संघर्षों एवं राष्ट्र तथा समाज के लिए दिए गए योगदान पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जयंती समारोह के तहत प्रभात फेरी, क्रॉस कंट्री दौड़, सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित अन्य विविध कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी के जीवन, उनके आदर्शों, संघर्षों और देश के प्रति उनके महत्वपूर्ण योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं समस्त उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि जयंती समारोह से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण कर ली जाएं तथा कार्यक्रम को पूरी गरिमा, भव्यता एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किया जाए। उन्होंने आयोजन से जुड़े अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, संबंधित विभागों के अधिकारी, आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित उपस्थित रहे।