पिथौरागढ़।

पिथौरागढ़ में आयोजित होगा पांच दिवसीय ‘हिमालयन कार्निवाल

जनपद में आगामी नवंबर/दिसंबर माह में प्रस्तावित पांच दिवसीय हिमालयन कार्निवाल के आयोजन को लेकर आज जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में बैठक आयोजित हुई। बैठक में कार्निवाल के आयोजन की रूपरेखा, नाम, लोगो, आयोजन स्थल, तिथि सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में प्रस्तावित किया गया कि पांच दिवसीय हिमालयन कार्निवाल का आयोजन नगर के देव सिंह मैदान में किया जाएगा। कार्निवाल के दौरान जनपद की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं एवं कला को प्रदर्शित करने के साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। स्थानीय एवं विभिन्न क्षेत्र के कलाकारों एवं सांस्कृतिक दलों को भी अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

कार्निवाल में स्थानीय उत्पादों एवं व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न व्यापारिक एवं प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाने की भी योजना है।
जिलाधिकारी ने कहा कि हिमालयन कार्निवाल को जनपद की विशिष्ट लोक संस्कृति, परंपराओं, पर्यटन, स्थानीय उत्पादों एवं प्रतिभाओं को व्यापक मंच प्रदान करने वाले आयोजन के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने आयोजन की तैयारियों के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा कार्यक्रम की रूपरेखा को आकर्षक एवं व्यवस्थित स्वरूप देने के निर्देश दिए।

बैठक में कार्निवाल की तिथि, आयोजन के नाम एवं लोगो सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि आयोजन में स्थानीय लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि हिमालयन कार्निवाल जनपद की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ दीपक सैनी, प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्न, उप निदेशक पर्यटन अतुल भंडारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।