पिथौरागढ़। गंगोलीहाट तहसील मुख्यालय से 8 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत भंडारीगांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के आंगन में अपनी दादी के सामने खेल रहे 10 वर्षीय बालक रियांशु (पुत्र भगवान राम) को गुलदार (तेंदुआ) उठाकर ले गया।
घटना की भनक लगते ही परिजनों और ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की। बाद में मासूम का शव घर से लगभग 200 मीटर और मुख्य सड़क से 250 मीटर दूर झाड़ियों से बरामद हुआ। रियांशु पेशे से मजदूर भगवान राम का छोटा बेटा था। परिवार में उनका एक बड़ा बेटा दिव्यांशु (12 वर्ष) भी है। मासूम की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
घटना की सूचना शाम 5 बजे मिलते ही वन विभाग की टीम वन दरोगा देवेंद्र सिंह महरा के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। टीम में अजय पल्याल, मनीषा, लक्ष्मी लुंठी और दीवान सिंह शामिल रहे। वहीं कोतवाली पुलिस दल भी घटनास्थल पर तैनात हुआ। कोतवाल कैलाश जोशी ने बताया कि आकिल सिद्दीकी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर भेजी गई, जिसमें हेड कांस्टेबल सुभाष, राजपाल, दिवाकर सिंह और वीरेंद्र गैंडा शामिल हैं।
ग्राम प्रधान दान सिंह मेहता ने बताया कि क्षेत्र में लगातार गुलदार की सक्रियता से दहशत का माहौल बना हुआ है। उन्होंने जिलाधिकारी को 25 सितम्बर को जनता दरवार में पत्र सौंपकर क्षेत्र को गुलदार के आतंक से शीघ्र मुक्त कराने की माग भी की थी और अब पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।