गुणवत्ता में कमी मिलने पर जताई नाराजगी, लोक निर्माण विभाग को दिए सख्त निर्देश
जनपद में मानसून के उपरांत गड्ढा मुक्त सड़क अभियान के तहत लोक निर्माण विभाग द्वारा किए जा रहे सड़क मरम्मत एवं गड्ढा भरान कार्यों का जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई ने आज औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर सड़क की स्थिति, चल रहे मरम्मत कार्य तथा गड्ढा भरान में प्रयुक्त की जा रही निर्माण सामग्री का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पिथौरागढ़- मुनाकोट सड़क मार्ग पर गड्ढा भरान कार्य में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता अपेक्षित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क मरम्मत कार्य में निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क मरम्मत में प्रयुक्त होने वाली सामग्री प्लांट से निर्धारित मानकों एवं प्रक्रिया के अनुसार तैयार कर ही मौके पर लाई जाए, ताकि सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित होने के साथ ही सड़क मरम्मत कार्य टिकाऊ एवं प्रभावी हो सके। उन्होंने अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता की नियमित जांच एवं मौके पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मानसून के बाद सड़कों की स्थिति को बेहतर बनाने के लिए गड्ढा मुक्त सड़क के तहत किए जा रहे कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कार्य निर्धारित गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि गड्ढा मुक्त सड़क अभियान के कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। कार्य में लापरवाही अथवा निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।