पिथौरागढ़।
जनगणना की प्रक्रिया शत-प्रतिशत डिजिटल माध्यम से होगी संपन्न, मोबाइल एप्लीकेशन एवं CMMS पोर्टल के उपयोग की दी जाएगी जानकारी
आगामी जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना के सफल संचालन के लिए बुधवार से जनपद पिथौरागढ़ में फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हो गया। नगर निगम सभागार में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा जनपद के फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं तथा कार्य संचालन से संबंधित विस्तृत जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण कार्यक्रम 14 से 16 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर अनुपम आर्या, बालम सिंह दानू एवं पंकज खोलिया द्वारा जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, डिजिटल माध्यम से आंकड़ों के संकलन तथा जनगणना कार्य के प्रभावी संचालन के संबंध में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत फील्ड ट्रेनर्स द्वारा जनगणना कार्य में नियुक्त किए जाने वाले प्रगणकों (Enumerators) एवं पर्यवेक्षकों (Supervisors) को प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि जनपद में जनगणना का कार्य व्यवस्थित एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संपन्न कराया जा सके।
जनगणना-2027 कई दृष्टियों से विशेष होगी, क्योंकि इस बार जनगणना की प्रक्रिया शत-प्रतिशत डिजिटल माध्यम से संपन्न की जाएगी। जनसंख्या गणना के दौरान प्रगणक एवं पर्यवेक्षक मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से आंकड़ों का संकलन करेंगे। इसके अतिरिक्त जनगणना कार्य के संचालन, पर्यवेक्षण, प्रबंधन एवं निगरानी के लिए जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (CMMS Portal) का उपयोग किया जाएगा।
डिजिटल प्रणाली के उपयोग से आंकड़ों के संकलन में सटीकता, गुणवत्ता एवं तेजी लाने में सहायता मिलेगी। साथ ही, जनगणना कार्य की विभिन्न गतिविधियों की निगरानी एवं प्रगति का अनुश्रवण भी अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनर्स को डिजिटल माध्यम से जनगणना कार्य संपादित करने तथा प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को आवश्यक तकनीकी जानकारी प्रदान करने के संबंध में प्रशिक्षित किया जा रहा है।
इस महत्वपूर्ण कार्य के सफल क्रियान्वयन में फील्ड ट्रेनर्स, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की भूमिका अहम होगी। प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें जनगणना की प्रक्रिया एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों की जानकारी देकर कार्य के सुचारू संचालन के लिए तैयार किया जा रहा है।
इस दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी तरुण पंत, सहायक नगर आयुक्त नगर निगम सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।