पिथौरागढ़, ।

जिलाधिकारी के निर्देश पर सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने की कार्रवाई तेज, उपजिलाधिकारी सदर ने स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

जनपद पिथौरागढ़ के नगर क्षेत्र में बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों के सुधारीकरण एवं गड्ढामुक्त किए जाने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई के निर्देशों के क्रम में संबंधित विभागों द्वारा सड़कों की मरम्मत एवं सुधारीकरण के कार्यों में तेजी लाई गई है, ताकि आमजन को आवागमन में हो रही असुविधा से राहत मिल सके।

इसी क्रम में आज उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा ने नगर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे सुधारीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर सड़क मरम्मत कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। राष्ट्रीय राजमार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों में डामरीकरण का कार्य किया जा रहा है, जिससे सड़क की स्थिति में सुधार लाकर आवागमन को सुगम बनाया जा सके।

उपजिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के कार्मिकों को निर्देश दिए कि सड़क सुधारीकरण के कार्यों में गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। मरम्मत कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जाएं तथा क्षतिग्रस्त हिस्सों का प्रभावी ढंग से सुधारीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्यों में अनावश्यक विलंब न करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

इसके अतिरिक्त, वड्डा की ओर जाने वाली लोक निर्माण विभाग की सड़क पर भी सुधारीकरण कार्य किया गया है। उपजिलाधिकारी ने इस सड़क पर किए गए कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़कों की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जाए तथा जहां भी सड़क क्षतिग्रस्त होने या गड्ढे होने की समस्या सामने आए, वहां प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक मरम्मत की कार्रवाई की जाए।