चौथे चरण की काउंसलिंग 26 अक्टूबर को होगी पूर्ण, शेष 6 सीटों पर प्रवेश की उम्मीद

पिथौरागढ़। मेडिकल कॉलेज, पिथौरागढ़ में एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए तृतीय चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया पूर्ण हो गई है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ए.के. सिंह ने बताया कि तृतीय चरण की काउंसलिंग के उपरांत अब तक कुल 44 विद्यार्थियों ने एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश ले लिया है।

उन्होंने बताया कि ऑल इंडिया कोटे के अंतर्गत आवंटित कुल 7 सीटों में से 3 विद्यार्थियों ने कॉलेज में प्रवेश लिया है। वहीं, स्टेट कोटे की कुल 43 सीटों में से 41 विद्यार्थियों ने प्रवेश प्राप्त कर लिया है। इस प्रकार दोनों कोटे को मिलाकर कुल 44 विद्यार्थी एमबीबीएस पाठ्यक्रम में दाखिला ले चुके हैं।

प्राचार्य डॉ. ए.के. सिंह ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए चौथे चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया 26 अक्टूबर 2026 तक पूर्ण कर ली जाएगी। उन्हें पूरी उम्मीद है कि चौथे चरण की काउंसलिंग के उपरांत शेष 6 सीटों पर भी विद्यार्थियों को प्रवेश मिल जाएगा और मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की सभी 50 सीटें भर जाएंगी।

मेडिकल कॉलेज, पिथौरागढ़ में एमबीबीएस पाठ्यक्रम का संचालन जनपद के लिए चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे स्थानीय स्तर पर चिकित्सा शिक्षा के अवसरों का विस्तार होगा तथा भविष्य में कुशल चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने में भी सहायता मिलेगी।