पिथौरागढ़,

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज पिथौरागढ़ दौरे के दौरान चंडाक स्थित बाबू जगजीवन राम राजकीय मेडिकल कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज में चल रहे कार्यों की प्रगति एवं विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।
उन्होंने कहा कि अवशेष कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज के प्रथम बैच के विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनसे संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई एवं शैक्षणिक अनुभवों के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही, मेडिकल कॉलेज की फैकल्टी से भी मुलाकात कर उनके अनुभवों और सुझावों को जाना। उन्होंने विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने तथा कॉलेज में आवश्यक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में पिथौरागढ़ को मेडिकल कॉलेज के रूप में एक बड़ी सौगात मिली है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्रवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह मेडिकल कॉलेज पिथौरागढ़ सहित सीमांत क्षेत्रों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिसका लाभ पूरे क्षेत्र को मिलेगा।

उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के संचालन से क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाएं सुदृढ़ होंगी तथा लोगों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। अब क्षेत्र के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के लिए बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। स्थानीय स्तर पर ही चिकित्सा शिक्षा के अवसर उपलब्ध होने से पर्वतीय एवं सीमांत क्षेत्र के बच्चों को लाभ मिलेगा। इससे चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा मिलने के साथ ही भविष्य में क्षेत्र में चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेडिकल कॉलेज में चल रहे कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए। साथ ही, विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

प्रिंसिपल राजकीय मेडिकल कॉलेज डॉ एके सिंह ने मुख्यमंत्री को मेडिकल कॉलेज से संबंधित विभिन्न जानकारियां दी।

इस दौरान विधायक गंगोलीहाट फकीर राम टम्टा, विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, मेयर पिथौरागढ़ कल्पना देवलाल, जिलाधिकारी आशीष भटगांई सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं अन्य संबंधित उपस्थित रहे।

You missed